जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर और सुकमा जिले में जगरगुंडा एवं चिंतलनार इलाके में सक्रिय रहे 13 नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष आत्म समर्पण किया है। वही नारायणपुर जिले में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे एंटी नक्सल ऑपरेशन के दौरान अबूझमाड़ में सक्रिय नक्सलियों के टेक्निकल टीम के कमांडर सहित आठ नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नक्सल मुक्त बस्तर के एलान को धरातल में कामयाब करने फोर्स मॉनसून ऑपरेशन चला रही हैं।
घने जंगलों में फोर्स की आमद होने से नदी नालों को सुरक्षा कवच मानकर रहने वाले नक्सलियों में भय का वातावरण बन गया हैं। इसी के चलते नक्सल संगठन को छोड़कर नक्सली मुख्यधारा में लौट रहे हैं। पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुंदरराज पी ने बताया कि पूरे बस्तर संभाग में प्रतिबंधित व अवैध माओवादी संगठन के विरुद्ध एक सशक्त अभियान जारी है। वर्ष 2025 के शुरुआती छह महीनों में ही 204 माओवादी विभिन्न मुठभेड़ों में मारे गए हैं। वही 140 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर पुलिस इस अभियान की गति को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। मानसून जैसी विषम परिस्थिति में भी यह सफलता सुरक्षा बलों के दृढ़ संकल्प को दर्शाती है कि बस्तर में स्थायी शांति, प्रगति और समृद्धि सुनश्चिति की जाएगी।