छत्तीसगढ़ पंचायत चुनाव: 43 विकास खंडों की कल दूसरे चरण की होगी वोटिंग

0
27

छत्तीसगढ़ के 43 विकास खंडों में बृहस्पतिवार को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का दूसरा चरण होगा। राज्य चुनाव आयोग के अधिकारियों ने बुधवार को बताया दूसरे चरण में 23,17,492 पुरुष, 23,66,157 महिलाएं और 87 ‘थर्ड जेंडर’ श्रेणी के मतदाता समेत कुल 46,83,736 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। राज्य चुनाव आयोग के आयुक्त अजय सिंह ने बताया कि दूसरे चरण में 26,988 वार्ड पंच, 3,774 सरपंच, 899 जनपद पंचायत सदस्य और 138 जिला पंचायत सदस्यों के पदों के लिए मतदान होगा। सिंह ने बताया कि दूसरे चरण के लिए 43 विकास खंडों में 9,738 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

मतदान दल अपने-अपने गंतव्यों पर पहुंचने लगे हैं। राज्य में पंचायत के चुनाव तीन स्तरों ग्राम पंचायत (गांव), जनपद पंचायत (ब्लॉक) और जिला पंचायत (जिला) पर होते हैं। पंचायत चुनाव दलीय आधार पर नहीं होते हैं। अधिकारी ने बताया कि दूसरे चरण में वार्ड पंच के लिए 65,716, सरपंच के लिए 15,217, जनपद पंचायत सदस्यों के लिए 3,885 और जिला पंचायत सदस्यों के लिए 699 उम्मीदवार मैदान में हैं। उन्होंने बताया कि नक्सली खतरे के कारण सात जिलों वाले बस्तर संभाग में मतदान का समय सुबह 6.45 बजे से दोपहर दो बजे तक है तथा अन्य जगहों पर सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक है। पुलिस के मुताबिक, बस्तर के नक्सल प्रभावित इलाकों में मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं तथा गश्त बढ़ा दी गई है।

सिंह ने बताया कि तीसरे और अंतिम चरण का मतदान 23 फरवरी को होना है। मतदान के लिए मतपत्रों का उपयोग किया जा रहा है। प्रत्येक चरण में मतदान के तुरंत बाद संबंधित मतदान केंद्रों पर मतगणना होगी। दूसरे चरण के लिए 22 फरवरी को ब्लॉक स्तर पर वार्ड पंच, सरपंच और जनपद पंचायत सदस्यों के पदों के लिए सारणीकरण किया जाएगा और चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि पहले चरण के लिए वार्ड पंच, सरपंच और जनपद पंचायत सदस्यों के पदों के लिए सारणीकरण और चुनाव परिणाम बुधवार को घोषित किए गए। पहले चरण के लिए 20 फरवरी को जिला पंचायत सदस्यों के सारणीकरण और परिणाम जिला मुख्यालय पर घोषित किए जाएंगे।

अधिकारियों ने बताया कि इस बार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में 433 जिला पंचायत सदस्य, 2973 जनपद पंचायत सदस्य, 11,671 ग्राम पंचायत सरपंच और 1,60,161 पंच के पदों के लिए चुनाव की घोषणा की गई थी। उन्होंने बताया कि 68 पंच और एक सरपंच पद के लिए नामांकन पत्र खारिज कर दिए गए। कुल 74,310 पंच, 448 सरपंच, 41 जनपद पंचायत सदस्य और एक जिला पंचायत सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं, क्योंकि कोई अन्य उम्मीदवार मैदान में नहीं था। इस तरह कुल 85,188 पंच, 11,181 सरपंच, 2,932 जनपद पंचायत सदस्य और 432 जिला पंचायत सदस्य के पदों के लिए तीन चरणों में चुनाव हो रहे हैं। पहले चरण में 17 फरवरी को 27,210 वार्ड पंच, 3,605 सरपंच, 911 जनपद पंचायत सदस्य और 149 जिला पंचायत सदस्यों के पदों के लिए मतदान हुआ था, जिसमें 81.38 प्रतिशत मतदान हुआ था। राज्य में हाल ही में हुए शहरी निकाय चुनावों में, जिसके परिणाम 15 फरवरी को घोषित किए गए थे, सत्तारूढ़ भाजपा ने राज्य के अधिकांश नगर निकायों के चुनावों में जीत हासिल की। पार्टी ने उन सभी 10 नगर निगमों में महापौर पद जीते जहां चुनाव हुए थे।