छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत इंद्रावती इलाके के वन्य पहाड़ी क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना के आधार पर जिला रिजर्व गार्ड के दल ने खोज अभियान शुरू किया था।
उन्होंने बताया कि आज अभियान के दौरान सुबह से सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर गोलीबारी हो रही है। अधिकारियों ने बताया कि अभियान पूरा होने के बाद इस संबंध में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है। बृहस्पतिवार को सुकमा जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में कुल 12 लाख रुपए के इनामी तीन माओवादियों को मार गिराया था जिनमें एक महिला भी शामिल थी।





