तेंदूपत्ता पर टीसीएस कटौती से छत्तीसगढ़ के 13 लाख संग्राहक परिवारों को सीधा लाभ : भाजपा

0
8

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने आज कहा है कि केंद्रीय बजट में तेंदूपत्ता पर टैक्स कलेक्टेड एट सोर्स (टीसीएस) की दर 5 प्रतिशत से घटाकर 2 प्रतिशत किया जाना छत्तीसगढ़ के वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी नर्णिय है। उन्होंने इस कदम को प्रदेश के लाखों तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों के लिए बड़ा आर्थिक संबल बताया। देवलाल ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा टीसीएस में 3 प्रतिशत की कटौती किए जाने से तेंदूपत्ता संग्राहकों की आय में सीधी वृद्धि होगी।

छत्तीसगढ़ में लगभग 13 लाख परिवार तेंदूपत्ता संग्रहण के कार्य से जुड़े हुए हैं, जिनमें बड़ी संख्या में आदिवासी और जनजातीय समाज के लोग शामिल हैं। यह निर्णय उनके आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि यह फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की दूरदर्शी नीति का परिणाम है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रयासों की भी सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार लगातार जनजातीय परिवारों और तेंदूपत्ता संग्राहकों के हित में कार्य कर रही है।

देवलाल ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सदैव जनजातीय समाज और वन आधारित आजीविका से जुड़े परिवारों की आर्थिक उन्नति के लिए प्रतिबद्ध रहे हैं। तेंदूपत्ता पर टीसीएस में की गई यह कटौती उसी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इससे प्रदेश की ग्रामीण और जनजातीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी और लाखों परिवारों के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन आएगा।