लक्ष्य से कम धान खरीदा गया, छत्तीसगढ़ सरकार पर कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का आरोप

0
8

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने सोमवार को राज्य सरकार पर धान की खरीद में गंभीर लापरवाही बरतने और कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने का आरोप लगाया। दीपक बैज ने बातचीत के दौरान राज्य सरकार पर धान की खरीद को लेकर आरोप लगाये। उन्होंने कहा कि सरकार ने षड्यंत्रपूर्वक लक्ष्य से कम धान खरीदा है। इस साल धान खरीद का लक्ष्य 165 लाख टन था लेकिन मात्र 139.85 लाख टन ही खरीदा गया, जो लक्ष्य से करीब 25 लाख टन कम है। पिछले साल की तुलना में भी खरीद लगभग 9.15 लाख टन कम हुई है। प्रदेश अध्यक्ष बैज ने आरोप लगाया कि 27 लाख पंजीकृत किसानों में से लगभग 2.5 लाख किसान अपना धान नहीं बेच पाए।

उन्होंने कहा कि सरकार ने मात्र 53 दिन ही खरीद की और 31 जनवरी को समयसीमा समाप्त कर दी, जबकि अंतिम दो दिनों में भी खरीद नहीं हुई। बैज ने कहा, किसानों से बिना सहमति रकबा सरेंडर करवाया गया, पुराने टोकन रद्द किए गए। कई जिलों में किसानों ने आत्महत्या का प्रयास किया। यह सब दिखाता है कि सरकार का लक्ष्य ही कम खरीद करना था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कम खरीदी करने वाले अधिकारियों को बधाई दी गई, जो सरकार के इरादे साफ करता है। कांग्रेस ने मांग की है कि सरकार तत्काल 15 दिनों के लिए अभियान चलाकर शेष किसानों का धान समर्थन मूल्य पर खरीदे। उन्होंने हाल ही में गरियाबंद जिले के दुतकैया गांव में घटी हिंसक घटना का जिक्र करते हुए राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि एक समुदाय के घर जलाए जाने की यह घटना पुलिस और प्रशासन की लापरवाही का परिणाम है। बैज ने कहा, यह घटना बलौदाबाजार, कवर्धा, बलरामपुर के बाद एक और उदाहरण है जहां लोगों ने कानून अपने हाथ में ले लिया। इससे साफ है कि जनता का सरकार और उसकी कानून व्यवस्था पर से भरोसा उठ गया है। उन्होंने घटना की न्यायिक जांच की मांग की और दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की। इस अवसर पर पार्टी के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला और अन्य वरष्ठि नेता मौजूद रहे।