भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर नितिन नबीन के निर्विरोध निर्वाचित होने पर छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने उन्हें यशस्वी कार्यकाल की कामना कर बधाई दी और कहा कि उनके नेतृत्व कार्यकर्ताओं को ऊर्जावान बनाये और पार्टी के आदर्शों को नयी ऊंचाई प्रदान करेगा। सीएम देव ने कहा कि मजबूत संगठन, स्पष्ट नेतृत्व और राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष की निर्वाचन प्रक्रिया में छत्तीसगढ़ की सहभागिता केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि संगठनात्मक एकता, अनुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति भाजपा की अटूट प्रतिबद्धता का सशक्त प्रतीक है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एक युवा नेता होने के नाते नबीन का नेतृत्व कार्यकर्ताओं को ऊर्जावान बनाएगा और पार्टी के आदर्शों को ऊँचाई प्रदान करेगा। छत्तीसगढ़ के सह प्रभारी और बाद में प्रभारी के रूप में उनके मार्गदर्शन में पिछले विधानसभा चुनाव से लेकर निकाय-पंचायत चुनावों में पार्टी का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन एक ऐतिहासिक दस्तावेज है। देव ने नबीन को ऊर्जा से भरपूर, प्रतिभा का धनी बताते हुए कहा कि एक युवा नेता को तौर पर वह भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष पद संभाल रहे हैं और आने वाला समय युवाओं का है। यह सब एक लोकतांत्रिक प्रक्रिया से हो रहा है, इसलिए यह निश्चित रूप से पार्टी और भाजपा के लिए बहुत फायदेमंद होगा।





