छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान ने आत्महत्या कर ली। यह घटना सोमवार रात करीब 10:30 बजे इंजरम कैंप स्थित 219 बटालियन के कैंप में घटित हुयी। जवान ने अपनी सर्विस रायफल से खुद को गोली मार ली। जवान के पास से छह पृष्ठ का सुसाइड नोट मिला है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) किरण चाव्हाण ने बताया कि जवान ने आत्महत्या क्यों की, इसकी जांच की जाएगी।
उन्होंने सुसाइट नोट मिलने की पुष्टि की, लेकिन पत्र लिखे तथ्यों को बताने से इनकार कर दिया। मृतक जवान की पहचान मध्य प्रदेश निवासी निलेश कुमार गर्ग के रूप में हुयी है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। जवान के शव को पोस्टमार्टम के लिए कोंटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। जांच में जवान के पास से छह पृष्ठ का एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि पत्र की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके। इस घटना से कैंप में तनाव का माहौल है, हालांकि अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रण में ले लिया है।