छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में डबल मर्डर: सास और दामाद की गला घोंटकर हत्या

0
14

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अज्ञात लोगों ने एक महिला और उसके दामाद की गला घोंटकर हत्या कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी सिद्धांत तिवारी ने बताया कि बृहस्पतिवार रात घरघोड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत रायकेरा गांव के एक घर में अज्ञात लोगों ने महिला सुकमेत सिदार (80) और उनके दामाद लक्ष्मण सिदार (60) की गला घोंटकर हत्या कर दी। तिवारी ने बताया कि लक्ष्मण सिदार शादी के बाद से ससुराल में ही रहता था। उसका एक बेटा और दो बेटियां हैं। अधिकारी ने बताया कि पास के ही एक कमरे में लक्ष्मण की पत्नी और बेटी भी सो रही थीं, लेकिन वे सुरक्षित हैं।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह जब पुलिस को घटना की जानकारी मिली तब पुलिस दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। बाद में शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जानकारी मिली है कि जब दोनों सो रहे थे तब उनकी हत्या कर दी गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि कुछ समय पहले सिदार परिवार की जमीन का राष्ट्रीय ताप विद्युत निगम (एनटीपीसी) ने अधिग्रहण किया था।

पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि एनटीपीसी से मिली मुआवजा राशि या संपत्ति का बंटवारा हत्या का कारण तो नहीं है। उन्होंने बताया कि पुलिस संदेह के आधार पर मृतक लक्षण सिदार के बेटे और एक पड़ोसी से पूछताछ कर रही है। घरघोड़ा थाने की पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा जांच शुरु कर दी गई है।