बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के इंद्रावती राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में शुक्रवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को हुई मुठभेड़ में एक नक्सली की मौत हो गयी थी। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबलों के संयुक्त दल और नक्सलियों के बीच शुक्रवार को इंद्रावती राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र के जंगल में मुठभेड़ हुई।
उन्होंने बताया कि इस अभियान में राज्य पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ), जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की विशिष्ट इकाई कोबरा बटालियन के जवान शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच गोलीबारी जारी है तथा इस संबंध में अधिक जानकारी प्राप्त की जा रही है। सुरक्षाबलों के संयुक्त दल ने बृहस्पतिवार को माओवादियों की केंद्रीय समिति के सदस्य सुधाकर को इंद्रावती राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र के जंगल में मार गिराया था।