भाजपा की छत्तीसगढ़ इकाई के नेता की हत्या के मामले में एनआईए ने आरोपपत्र दायर किया

0
25

रायपुर। राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने 2023 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता रतन दुबे की हत्या के मामले में दो माओवादियों के खिलाफ पूरक आरोपपत्र दायर किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार को छत्तीसगढ़ के जगदलपुर स्थित एनआईए की विशेष अदालत में दायर किए गए दूसरे पूरक आरोपपत्र में शिवानंद नाग और उसके पिता नारायण प्रसाद नाग पर भारतीय दंड संहिता और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं। दोनों को दुबे की हत्या से संबंधित आपराधिक साजिश में सक्रिय रूप से शामिल पाया गया।

एनआईए की जांच के अनुसार, शिवानंद नाग प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) का सक्रिय सदस्य था और रतन दुबे के साथ उसकी पहले से राजनीतिक, व्यावसायिक और व्यक्तिगत प्रतिद्वंद्विता थी। बस्तर क्षेत्र में भाजपा की नारायणपुर जिला इकाई के उपाध्यक्ष रतन दुबे की नवंबर 2023 में नारायणपुर के झारा घाटी क्षेत्र के कौशलनार गांव के एक साप्ताहिक बाजार में चुनाव प्रचार के दौरान कुल्हाड़ी से प्रहार कर हत्या कर दी गई थी। एनआईए ने कहा कि यह लक्षित हत्या चुनाव में बाधा डालने और स्थानीय लोगों को आतंकित करने के उद्देश्य से की गई थी। एजेंसी ने अपनी जांच के दौरान माओवादियों के पूर्वी बस्तर डिविजन के बयानार एरिया कमेटी और बारसूर एरिया कमेटी के सदस्यों तथा उनके मददगारों की भूमिका और संलिप्तता को भी साबित किया है। फरवरी 2024 में इस घटना की जांच का जिम्मा संभालने के बाद, एनआईए अब तक इस मामले में एक मुख्य आरोपपत्र और दो पूरक आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है।