वीबी जी राम जी पर सियासी घमासान, कांग्रेस के आरोपों पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव का पलटवार

0
10

छत्तीसगढ़ की राजनीति में वीबी जी राम जी को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस द्वारा इस मुद्दे पर चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा के बाद उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लंबे समय से नामकरण को लेकर राजनीति करती आई है, जबकि अब वह एक परिवार विशेष तक सीमित पार्टी बनकर रह गई है। उप मुख्यमंत्री साव ने स्पष्ट किया कि वीबी जी राम जी विकसित भारत की मजबूत नींव है, जिसमें वर्तमान समय की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुधार किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य प्रदेश और देश को भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप तैयार करना है। इस बीच जेल में बंद पूर्व मंत्री कवासी लखमा से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की प्रस्तावित मुलाकात को लेकर पूछे गए सवाल पर अरुण साव ने कहा कि यह उनका निजी निर्णय है।

उन्होंने कहा कि भले ही बेटे को जमानत मिल चुकी हो, लेकिन निर्दोष आदिवासी के साथ जिस प्रकार अन्याय हुआ, वह प्रदेश की जनता ने प्रत्यक्ष रूप से देखा है। वहीं जनविश्वास विधेयक द्वितीय को राज्यपाल की मंजूरी मिलने पर डिप्टी सीएम साव ने इसे जनहित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस विधेयक का मुख्य उद्देश्य कानूनी प्रक्रियाओं को सरल बनाना और अनावश्यक जटिलताओं को कम करना है। इसके लागू होने से आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा और न्यायालयों में लंबित मामलों का दबाव भी घटेगा।

आगामी बजट को लेकर भी उप मुख्यमंत्री ने सकारात्मक संकेत दिए। उन्होंने बताया कि वित्त विभाग लंबे समय से बजट की तैयारियों में जुटा हुआ है। सचिव स्तर की बैठकें पूरी हो चुकी हैं और अब मंत्री स्तर पर मंथन किया जाएगा। साव ने भरोसा जताया कि यह बजट विकसित छत्तीसगढ़ के नर्मिाण की दिशा में एक मजबूत आधार साबित होगा।