छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सुरक्षा बल के जवानों ने तीन नक्सलियों को ढेर कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, यह मुठभेड़ गरियाबंद जिले के इंदागाव गांव थाना क्षेत्र में हुई। बताया जा रहा है कि अभी भी मुठभेड़ जारी है। जिले के गरियाबंद ई 30, उड़ीसा एसओजी और यंग प्लाटून केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने नक्सलियों के खिलाफ संयुक्त ऑपरेशन चलाया। जवानों की टीम शुक्रवार को इंदाग़ांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कंडासर और नागेश के बीच पहुंची तो नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी।
जवानों ने भी नक्सलियों का जमकर मुकाबला करते हुए उन्हें करारा जवाब दिया। जवानों ने इस मुठभेड़ में अब तक तीन माओवादियों को ढेर कर दिया है। साथ ही हथियार बरामद किया गया है। गरियाबंद पुलिस, उड़ीसा एसओजी और सीआरपीएफ के जवानों ने संयुक्त कार्रवाई की है। मौक़े पर रूक रूक कर दोनों ओर से फ़ायरिंग जारी है। जवानों ने चारों तरफ से माओवादियों को घेर लिया है। इस खबर की पुष्टि पुलिस अधीक्षक निखिल रखेचा ने भी की है।