छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में 26 जनवरी का दिन जहां गणतंत्र दिवस के उत्साह और आयोजनों का रहा, वहीं सोमवार का दिन सड़क हादसों के कारण दुखद साबित हुआ। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई चार सड़क दुर्घटनाओं में दो छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि पहली घटना कटघोरा थाना क्षेत्र की है। यहां कल सुबह मुकुटधर पांडे महावद्यिालय का एक छात्र ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल में सवार छात्र को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
दूसरी घटना ध्वजारोहण कार्यक्रम से वापस लौट रही 10 वर्षीय छात्रा को बोलेरो वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल छात्रा को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। तीसरी घटना कटघोरा से लखनपुर जाने वाले मार्ग पर स्थित लखनपुर के एक अनियंत्रित मोड़ पर हुई। जहां तेज रफ्तार वाहन नियंत्रण खो बैठा और नाले में जा गिरा। इस हादसे में वाहन सवार दो लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चौथी घटना जिले में दो मोटरसाइकिलों की आपसी भिड़ंत की है। जिसमें दो लोगों को चोटें आई हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। गणतंत्र दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर हुई इन घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।





