छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में जंगली हाथी के हमले में एक महिला की मौत हो गई। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि जिले के शंकरगढ़ वन परिक्षेत्र के अंतर्गत सिलियारीकोना गांव के जंगल में महुआ एकत्र करने गई महिला गिधि पहाड़ी कोरवा (54) को जंगली हाथी ने कुचल दिया। इस घटना में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि जगिमा जोताड़ गांव की निवासी गिधि महुआ एकत्र करने सिलियारिकोना गांव के जंगल में गई थी। उन्होंने बताया कि आज सुबह छह बजे जब वह जंगल में थी तब एक जंगली हाथी ने उस पर हमला कर दिया।
हाथी ने महिला को कुचलकर मार डाला। अधिकारियों ने बताया कि महिला के साथ महुआ एकत्र करने गए अन्य लोगों ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी घटनास्थल पहुंच गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अधिकारियों ने बताया कि मृतिका के परिजनों को तात्कालिक सहायता राशि 25 हजार रुपए प्रदान की गयी है।
शेष 5.75 लाख रुपये की राशि औपचारिकता पूरी करने के बाद दी जाएगी। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि झारखंड से आए दो हाथियों ने मंगलवार को रामानुजगंज क्षेत्र में महिला सहित दो लोगों पर हमला किया था। इस हमले में दोनों की मौत हो गई थी। इसके बाद एक हाथी ने सिलियारिकोना के जंगल में महिला पर हमला किया है। उन्होंने बताया कि गांव में मुनादी कर ग्रामीणों को हाथियों से दूर रहने की सलाह दी गई है।