दिल्ली में पार्टी आलाकमान से नहीं हुई मुलाकात, हिमाचल प्रदेश के नेताओं से चुनाव पर की चर्चा: सीएम बघेल

0
148

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रविवार को कहा कि दिल्ली के दौरे के दौरान कांग्रेस आलाकमान से उनकी मुलाकात नहीं हुई और उन्होंने हिमाचल प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस के नेताओं से बात की। बघेल ने दिल्ली से वापस आने के बाद यहां स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से कहा, “हिमाचल प्रदेश के नेताओं के साथ बैठक हुई जिसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और कांग्रेस विधायी दल के नेताओं के अलावा अन्य (चुनाव की जिम्मेदारी संभाल रहे) नेता शामिल थे। (हिमाचल में) आगामी चुनाव के मद्देनजर इस पर गंभीर चर्चा हुई कि संगठन किन मुद्दों के साथ जनता के बीच जाएगा।

बघेल को हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। उनका दिल्ली दौरा ऐसे समय हुआ है, जब मंत्रिमंडल के सहयोगी टी एस सिंहदेव और उनके बीच खींचतान चल रही है। सिंहदेव ने हाल में दो में से एक विभाग से इस्तीफा दे दिया था। बघेल शनिवार शाम को दिल्ली के लिए रवाना हुए थे और उसी समय सिंहदेव भी भोपाल से दिल्ली के लिए निकले थे। सूत्रों ने बताया था कि दोनों नेता कांग्रेस आलाकमान से मुलाकात कर सकते हैं। दिल्ली में सिंहदेव की उपस्थिति और इस मुद्दे पर पार्टी अध्यक्ष से हुई बातचीत के बाबत पूछे जाने पर बघेल ने कहा कि पार्टी आलाकमान से कोई मुलाकात नहीं हुई। उन्होंने कहा कि वह हिमाचल प्रदेश के नेताओं से मिलने दिल्ली गए थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here