सांसद भोले ने रेल मंत्री तक पहुंचाई ग्रामीणों की समस्या, 25 हजार गांव के लोगों को मिली बड़ी राहत

0
8

कानपुर। रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने कानपुर देहात लोकसभा क्षेत्र में आने वाले लगभग 25 गांव के 60 हजार लोगों को राहत दी है। सुल्तानपुर पेराजोर में अब अंडरपास की जगह आरओबी (रोड ओवर ब्रिज) बनेगा। अकबरपुर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने इस संबंध में रेल मंत्री को एक प्रस्ताव बनाकर दिया था, जिसे रेल मंत्रालय ने मंजूर कर दिया है. बता दें कि इन गांव लोगों ने रविवार को जनता दर्शन कार्यक्रम में सांसद से मुलाकात करके अपनी समस्या रखी थी। जिसके बाद सांसद ने रेल मंत्री से मुलाकात की। सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने बताया कि ग्रामवासियों के आने जाने वाले मुख्य मार्ग पर झांसी कानपुर रेलवे ट्रैक बना हुआ है। ग्रामीणों ने आवागमन के मुख्य मार्ग में अंडर पास बनाये जाने के कारण होने वाली असुविधा के बारे में बताया था।

उन्होंने बताया कि ग्राम सुल्तानपुर पेराजोर, विकास खण्ड सरवनखेड़ा जनपद कानपुर देहात का अन्तिम गांव है। गांव के किनारे रिंद नदी का बहाव क्षेत्र है जो कि गांव को उत्तर दिशा तथा पूरव दिशा से हुए है तथा दक्षिण दिशा में सरकारी नहर (बम्बा) जोकि ऊँचाई में स्थित है। जिस कारण बारिश के समय तीनों तरफ जल भराव हो जाता है। इसी रास्ते से कई अन्य गांव जुड़े हुए है। जिससे होकर गांव के निवासियों की आते जाते हैं। यही रास्ता रायपुर गजनेर मार्ग को जोड़ने वाला पी० डब्लू०डी० द्वारा निर्मित एक मात्र मार्ग है जो इन गांव को राष्ट्रीय राज मार्ग से जोड़ता है।

साथ ही यही रास्ता ग्राम की तहसील, ब्लाक, सरकारी अस्पताल, जनपद न्यायालय तथा पुलिस चौकी-थाना से भी जोड़ता है. सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने बताया कि ग्रामीणों का कहना था कि यहां बन रहे अंडर पास के निर्माण से सभी गांव के निवासियों को दिक्कत होगी। गांव की कृषि भूमि रेलवे ट्रैक के दोनों तरफ स्थित है। अंडर पास के निर्माण से कृषि कार्य प्रभावित होगा। सांसद के मुताबिक ग्रामीणों का कहना था कि उक्त ग्राम और कानपुर झांसी रेलवे ट्रैक का भू स्तर समानांतर होने के कारण अंडर पास 20 फीट की गहराई पर बनेगा। जिसमें जल भराव की समस्या हमेशा बनी रहेगी।

अंडरपास से गांव की मुख्य सड़क यदि बाधित कर दी जायेगी तो गांव के दोनों ओर अस्पताल व राष्ट्रीय राज मार्ग पर जाने के लिए लगभग 10 किमी तक अतिरिक्त चलना होगा। वहीं रेलवे फाटक (एल०सी०-231) में भी पानी भराव के कारण वहां कई ग्रामीणों के साथ दुर्घटना हो चुकी है। सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने बताया कि क्षेत्रवासियों की यह समस्या जैसे ही रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव को बताया उन्होंने बिना देर किए आरओबी बनाए जाने का आदेश दिया। उन्होंने सांसद देवेंद्र सिंह भोले की तारीफ करते हुए कहा कि क्षेत्र की समस्यों के समाधान के लिए आपके जैसा ही जनप्रतिनिधि होना चाहिए।

इन गांव को मिलेगा फायदा

रविवार को सांसद के जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रधान प्रमोद सिंह चंदेल के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने सांसद से मुलाकात की थी। प्रमोद सिंह चंदेल ने सांसद देवेंद्र सिंह भोले का धन्यवाद देते हुए कहा कि सांसद जी ने गांव वालों की बहुत बड़ी समस्या को दूर करा दिया। प्रधान ने बताया कि फतेहपुर रोशनाई, गोगूमऊ,तोराजोर,धनजआ, पहाड़पुर, रायपुर, तरौंदा, लोधीपुर, चिरौरा, लाता मुबारकपुर आदि गांव में रेल मंत्री के इस फैसले का सीधा प्रभाव पड़ेगा।