Home Blog Page 187

छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर जिलों में होंगे सांस्कृति कार्यक्रम, सीएम ने दिए कलेक्टरों को निर्देश

0

रायपुर। एक नवंबर को मनाए जाने वाले छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस के मौके पर प्रदेश के सभी जिलों में सांस्कृति कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। एक दिवसीय इस कार्यक्रम के आयोजन कराने को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश जारी कर दिए हैं। जारी निर्देश में कहा गया है कि जिला मुख्यालयों में एक दिवसीय कार्यक्रम आयोजन के संबंध में कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विकास विभाग की विभागीय प्रदर्शनी का आयोजन किया जाए।

विभिन्न विभागों में विशेष उपलब्धियों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाए। कार्यक्रम स्थल पर राज्य शासन के विभिन्न विभागों की महत्वपूर्ण योजनाओं एवं सफल परियोजनाओं का प्रदर्शन किया जाए। विगत वर्षों की उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया जाए। जिला स्तर पर स्थानीय कलाकारों के द्वारा एक नवंबर को एक दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाए। सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन शालीन होना चाहिए। जिला मुख्यालयों के समस्त शासकीय विभागों में एक नवंबर को रात्रि को रोशनी की जाए। शासन के कल्याणकारी योजनाओं से हितग्राहियों को कार्यक्रम में लाभान्वित किया जाए।

सीएम भूपेश ने गोवर्धन और देवारी तिहार पर सपरिवार किया गौरी-गौरा और गोवर्धन पूजा

110

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सपरिवार इस बार भी अपने सरकारी आवास पर गोवर्धन और देवारी तिहार पारंपरिक हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया। देवारी तिहार एवं गोवर्धन पूजा उत्सव में मुख्यमंत्री बघेल ने अपनी धर्मपत्नी मुक्तेश्वरी बघेल और परिवार के सदस्यों के साथ गौरा-गौरी और गोवर्धन पूजा की और गौमाता को खिचड़ी खिलाकर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामना की।

सीएम बघेल ने इस अवसर पर देवरी, गोवर्धन पूजा, भाई दूज, और गौठान दिवस की बधाई देते हुए अपने संबोधन में कहा कि कोरोना के बाद छत्तीसगढ़ में दीपावली बड़े ही उत्साह के साथ मनाई गई। दीपावली के कुछ दिन पहले 17 अक्टूबर को न्याय योजनाओं के अंतर्गत लगभग 1900 करोड़ रुपए की राशि का अंतरण किसानों, पशुपालकों, स्व-सहायता समूहों, भूमिहीन कृषि मजदूरों के खातों में किया गया। इसके साथ ही कर्मचारियों के डीए में बढ़ोतरी और बिजली कर्मचारियों को भी दीवाली पर बोनस दिया गया। इससे छत्तीसगढ़ में इस साल बहुत उत्साह से दीपावली मनाई गई।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में एक दूसरे के घर में दीपक पहुंचाने की परंपरा रही है। यह परंपरा लक्ष्मी पूजा से शुरू होती है, गौरा-गौरी पूजन, गोवर्धन पूजा तक इसका नर्विहन होता है। दीपावली, भगवान राम के अयोध्या आगमन के उत्सव का त्यौहार है। इस त्योहार के दूसरे दिन गोवर्धन पूजा मनाई जाती है, भगवान कृष्ण जो स्वयं एक क्रांतिकारी विचारक थे उन्होंने न केवल अपने विचारों से बल्कि कार्यों से भी पूरी दुनिया को संदेश दिया। भगवान कृष्ण ने गोवर्धन पर्वत और पशुधन की पूजा को प्राथमिकता दी। हमारी सरकार भी गौ-माता की सेवा करने का काम कर रही है। पशुपालकों को भी इसका लाभ मिल रहा है। इस मौके पर जय मां सरस्वती समूह की महिलाओं ने छत्तीसगढ़िया वेशभूषा में मनमोहक सुआ नृत्य की प्रस्तुति दी और मगरलोड धौराभांठा के कलाकारों द्वारा बड़े उत्साह के साथ छत्तीसगढ़िया वाद्य यंत्रों एवं पारंपरिक वेशभूषा के साथ राउत नाचा की प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पारंपरिक वेशभूषा में राउत नर्तक दलों के बीच पहुंचकर उनका उत्साह बढ़ाया। इस उत्सव के लिए विशेष रूप से छत्तीसगढ़ की परंपरा अनुसार देवारी तिहार और गोवर्धन पूजन उत्सव के लिए मुख्यमंत्री निवास की साज-सज्जा, पारंपरिक ढंग से की गई थी।

छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने ग्रामीण को उतारा मौत के घाट

0

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में नक्सलियों ने 32 वर्षीय एक व्यक्ति की कथित तौर पर हत्या कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुपलेश पात्रे ने बताया कि मंगलवार को नक्सल प्रभावित औंधी थाना क्षेत्र के घोटियाकान्हर गांव में नक्सलियों ने कथित रूप से तुकाम गांव निवासी मनजीत टोप्पो (32) की गोली मारकर हत्या कर दी। पात्रे के मुताबिक, पुलिस को जानकारी मिली है कि मंगलवार को ​मनजीत घोटियाकन्हार गांव स्थित अपने खेत गया था, तभी हथियारबंद नक्सलियों का समूह वहां पहुंचा और उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि घटना के बाद नक्सली वहां से फरार हो गए।

पात्रे के अनुसार, पुलिस को जब घटना की जानकारी मिली तो एक दल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया, जहां मनजीत का शव बरामद हुआ। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पात्रे ने कहा, “मनजीत के शरीर पर गोली के निशान हैं। वहीं, उसके सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद इस संबंध में अधिक जानकारी मिल सकेगी। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से कोई भी नक्सली पर्चा या पोस्टर बरामद नहीं किया गया है। हत्या का कारण भी फिलहाल पता नहीं चल सका है। पात्रे के मुताबिक, हमलावर नक्सलियों की खोज में पुलिस दल रवाना किया गया है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है।

छत्तीसगढ़ में दुर्लभ प्रजाति के कछुए की तस्करी, पुलिस ने छह लोगों को किया गिरफ्तार

1

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले की पुलिस ने दुलर्भ प्रजाति के कछुए की तस्करी करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने सेामवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के नेवई थाना क्षेत्र के अंतर्गत मैत्री बाग के करीब पुलिस ने दुलर्भ प्रजाति का कछुआ इंडियन फ्लैप सेल टर्टल की तस्करी करने के आरोप में दुर्ग निवासी कमलेश यादव, महाराष्ट्र के नागपुर निवासी देवीदास मेश्राम, मनीष कौशिक, दुर्ग निवासी निखिल टंडन, नागपुर निवासी ओमप्रकाश वैष्णव और श्रीराम शिव प्रसाद आसेकर को गिरफ्तार कर लिया है।

उन्होंने बताया कि दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है तथा संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जा रही है। रविवार को जब पुलिस दल गस्त पर था तब उन्होंने एक संदिग्ध वाहन को रोक लिया और उनसे पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान जब वाहन की तलाशी ली जा रही थी तब उसमें सवार लोग भागने लगे। जिन्हें पुलिस दल ने पकड़ लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया जब वाहन सवार लोगों की तलाशी ली गई तब उनमें से एक कमलेश यादव से लगभग 3.5 किलोग्राम का एक कछुआ बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि जब उनसे पूछताछ की गई तब उन्होंने बताया कि वह नागपुर से कछुआ लेकर आए थे तथा धमतरी जा रहे थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कछुआ और आरोपियों को वन विभाग को सौंप दिया गया है और उनके खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

इस बार छत्तीसगढ़ के किसानों से 110 लाख मीट्रिक टन तक हो सकती है खरीदी

0

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारी की जा रही है। राज्य में खरीफ वर्ष 2022-23 में किसानों से 110 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का अनुमान है। जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि राज्य में खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में समर्थन मूल्य पर पंजीकृत किसानों से धान खरीदी की शुरुआत एक नवंबर से की जाएगी। यह कार्य 31 जनवरी 2023 तक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष पंजीकृत किसानों और नए पंजीयन वाले किसानों से धान खरीदी की जाएगी। किसान पंजीयन का कार्य 31 अक्टूबर तक किया जाएगा। अभी तक पिछले वर्ष के पंजीकृत 24.05 लाख किसानों का पंजीयन विस्तारित किया गया है और 95 हजार नए किसान पंजीकृत हुए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि खरीफ वर्ष 2022-23 में किसानों से 110 लाख मीटरिक टन धान खरीदी का अनुमान है। इसके लिए 5.50 लाख गठान बारदाना की जरूरत होगी। धान खरीदी के लिए भारत सरकार की नवीन बारदाना नीति अनुसार 50.50 के अनुपात में नए और पुराने बारदाने में धान की खरीदी की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि अवैध धान की आवक रोकने के लिए जिले स्तर पर विशेष इंतजाम किए गए हैं।

छत्तीसगढ़ में अधेड़ ने नाबालिग लड़की से किया रेप, आरोपी गिरफ्तार

0

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुलिस ने 12 वर्षीय बालिका से बलात्कार के आरोप में 45 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के सिटी कोतवाली थानाक्षेत्र अंतर्गत एक गांव में सोमवार को 12 वर्षीय बालिका से बलात्कार के आरोप में पुलिस ने 45 वर्ष एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली कि सोमवार को जब बालिका अपने पुराने घर में नहाने के लिए गई थी तब गांव में ही रहने वाला आरोपी वहां पहुंच गया और बालिका के साथ बलात्कार किया। उन्होंने बताया कि जब बालिका ने शोर मचाया तब बालिका की बड़ी बहन और अन्य लोग वहां पहुंचे तो आरोपी वहां से भाग गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बालिका के परिजनों ने आरोपी व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कराया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी को पोक्सो अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत गिरफ्तार किया है।

छत्तीसगढ़ में सूरजपुर के जंगल में मिला हथिनी का शव

0

कोरबा। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में वन कर्मियों को एक हथिनी का शव मिला है और ऐसी आशंका है कि किसी अन्य हाथी के साथ लड़ाई के दौरान उसकी मौत हो गई। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। प्रतापपुर के अनुमंडल अधिकारी (वन) आशुतोष भगत ने बताया कि शनिवार को प्रतापपुर वन क्षेत्र में टुकुडांड गांव के निकट एक तालाब के किनारे हथिनी का शव देखा गया। उन्होंने बताया कि पेंडारी जंगल में शुक्रवार की रात वनकर्मियों ने लगभग 35 हाथियों के झुंड के घूमने की आवाज सुनी थी।

उन्होंने बताया कि झुंड की स्थिति का पता लगाने के लिए शनिवार सुबह उक्त क्षेत्र में गये वनकर्मियों ने एक हथिनी को मृत पाया। अधिकारी ने बताया, ”प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि समूह में अन्य हाथियों के साथ लड़ाई के बाद हथिनी की मौत हो गई। मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वनकर्मी झुंड की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं ताकि पता लगाया जा सके कि कहीं कोई अन्य हाथी घायल तो नहीं हो गया है।

छत्तीसगढ़ पुलिस ने 2020 से बस्तर में माओवादियों के आठ आपूर्ति नेटवर्क किए ध्वस्त, 38 धरे गए

0

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बस्तर पुलिस ने पिछले दो साल में माओवादियों के आठ अहम आपूर्ति नेटवर्क ध्वस्त किये हैं तथा कम से कम 38 लोगों को गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी और कहा कि इस तरह पुलिस इस प्रतिबंधित संगठन को मिलने वाली चिकित्सा सहायता, विस्फोटक एवं अन्य प्रकार के सहयोग पर काफी हद तक अंकुश लगाने में कामयाब रही है। उन्होंने कहा कि इस दौरान 40 से अधिक नये पुलिस शिविरों की स्थापना से भी इस काम में मदद मिली और इन शिविरों ने माओवादी कूरियर (उन्हें सामान पहुंचाने वालों) की अंतर-राज्यीय आवाजाही पर नजर रखी। उनके अनुसार इनमें से ज्यादातर शिविर माआवादियों के आपूर्ति गलियारे के इर्द-गिर्द हैं।

पुलिस के अनुसार आपूर्ति नेटवर्क को ध्वस्त किया जाना वामपंथी उग्रवाद के विरूद्ध लड़ाई में अहम है क्योंकि यह तीन दशक से बस्तर में सक्रिय माओवादियों के लिए बहुत बड़ी ताकत है। बस्तर क्षेत्र में सात जिले- बस्तर, कांकेर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, नारायणपुर, बीजापुर और सुकमा आते हैं। पुलिस महानिरीक्षक (बस्तर रेंज) सुंदरराज पी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पिछले कुछ साल में पुलिस ने भाकपा (माओवादी) की दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमिटी (डीकेएसजेडसी) के विभिन्न निकायों (शिविरों) के आपूर्ति नेटवर्क को बड़ा नुकसान पहुंचाया। बस्तर क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों की कमान संभाल रही डीकेएसजेडसी का ही सुरक्षा बलों पर कई जानलेवा हमले करवाने में हाथ रहा है।

सुंदरराज ने कहा, 2020 के शुरुआती समय से अबतक माओवादियों के कम से कम आठ मॉड्यूल को ध्वस्त किया गया है तथा माओवादियों को कथित रूप से दवाइयां, विस्फोटक, हथियार एवं जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति करने में शामिल व्यापारियों, पुलिसकर्मियों एवं स्थानीय लोगों समेत 38 लोग गिरफ्तार किये गये। उन्होंने कहा कि ये मॉड्यूल मुख्य रूप से उत्तर और दक्षिण बस्तर में सक्रिय थीं। उनके अनुसार कोरोना वायरस के चलते (2020 और 2021 में लगाये गये) लॉकडाउन के दौरान जब माओवादियों की आपूर्ति श्रृंखला चरमरा गयी तब उनके कुछ प्रमुख मॉड्यूल ने उनकी जरूरतें पूरा करने की कोशिश की और वे पुलिस की निगाहों में आ गये।

छत्तीसगढ़ में हाथी के बच्चे की हत्या के आरोप में 13 लोग गिरफ्तार

0

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में धान के खेत में एक हाथी के बच्चे को कथित तौर पर मारने और अवशेष को दफनाने के आरोप में वन अधिकारियों ने 12 लोगों को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग लड़के को भी पकड़ा है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। कटघोरा की संभागीय वनाधिकारी प्रेमलता यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपियों ने 18 अक्टूबर को पासन वन क्षेत्र के बनिया गांव में खेत में हाथी के बच्चे को देखा और अगले दिन कथित तौर पर उसे जहर देकर मार डाला। अपराध छिपाने के लिए आरोपियों ने अवशेष को खेत में दफना दिया।

उन्होंने बताया कि बाद में 44 हाथियों का एक झुंड उग्र हो गया और पास के देवमट्टी गांव में एक आदमी और तीन मवेशियों को मार डाला। यादव बताया कि गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए, वनकर्मियों ने 20 अक्टूबर को बनिया गांव के खेत से हाथी का अवशेष बाहर निकाला, जिसके बाद इस मामले में हत्या के पहलू से जांच शुरू की गई। उन्होंने बताया कि वन कर्मियों ने पाया कि हत्या को छिपाने के लिए जिस जमीन पर अवशेष दफनाया गया था, उस पर नये सिरे से धान लगाया गया था।

यादव ने बताया कि उक्त घटना के सिलसिले में वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 के प्रावधानों के तहत एक मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में अब तक जिस खेत में पशु का अवशेष दफनाया गया था, उसके मालिक सहित 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और गांव से एक 16 वर्षीय लड़के को भी पकड़ा गया है। अधिकारी ने यह भी कहा कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध में अपने शामिल होने की बात पुलिस के समक्ष कुबूल की है। उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपी का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है, जो पासन जनपद पंचायत का सदस्य है।

अचानक बाजार पहुंच गए छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल, मिट्टी के दिये और पटाखे खरीदे

0

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने धनतेरस की शाम बाजार में अचानक पहुंचकर मिट्टी के दिये और पटाखे की खरीददारी की। सीएम बघेल दीवाली की खरीददारी के लिए रायपुर के प्रसिद्ध गोल बाजार पहुंचे। सीएम बघेल ने दीवाली मनाने के लिए गोल बाजार में स्थानीय कुम्हारों से मिट्टी के दीये, मटकी, गणेश, लक्ष्मी और सरस्वती की मिट्टी की बनी मूर्ति, ग्वालिन की मूर्ति, मिठाईयां और लाखे नगर स्थित हिन्द स्पोर्टिंग मैदान में लगी दुकानों से फटाखे खरीदे। इस दौरान संसदीय सचिव विकास उपाध्याय, महापौर एजाज ढेबर, विधायक कुलदीप जुनेजा उनके साथ थे। सीएम बघेल ने छत्तीसगढ़िया उत्पाद को प्रमोट करने के उद्देश्य से प्रदेशवासियों से स्थानीय स्तर पर तैयार सामग्री खरीदने की अपील करते हुए लोगों को धनतेरस और दीपावली पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होने लोगों से दीपावली पर्व पर मिट्टी के दीप जलाकर अपने घर-आंगन को रौशन करने अपील की।