Home Blog Page 194

हमारी संस्कृति में आज भी आदिम परंपराओं की खूबसूरती : सीएम भूपेश बघेल

0

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि हमारी संस्कृति में आज भी आदिम परंपराओं की खूबसूरती है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बस्तर दशहरा पर्व के ऐतिहासिक मुरिया दरबार को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ आदिवासियों का प्रदेश है यही इसकी सबसे बड़ी सुंदर पहचान है। बस्तर दशहरा, बस्तर अंचल की ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में प्रसद्धि है। जिसे यहां के आदिवासी समाज के साथ हर वर्ग के लोग पूरी आस्था और श्रद्धा के साथ मनाते आ रहे हैं। मेरा सौभाग्य है कि, बस्तर दशहरा पर्व के ऐतिहासिक मुरिया दरबार में विगत 4 वर्षों से उपस्थित होने का सौभाग्य मिल रहा है। यहां पर मुरिया दरबार के मांझी-चालकी, मुखिया, मेंबर-मेंबरिन और सदस्यों से मिलकर बस्तर के विकास को लेकर चर्चा करने सहित हम विकास की नीतियां और योजनाएं बना रहे हैं। जिससे बस्तर के समग्र विकास को एक नई दिशा देने में कामयाबी मिली है।

सीएम बघेल ने कहा कि इस मुरिया दरबार में जो घोषणाएं विगत वर्षों में की गई थी उसे पूरा किया गया है। उन्होंने बस्तर दशहरा समिति के अध्यक्ष की मांग पर बस्तर दशहरा पर्व के मांझी-चालकी, मेंबर-मेंबरिन और पारंपरिक सदस्यों के पोशाक हेतु 5 लाख रुपए प्रदान करने की घोषणा की। वहीं शासकीय महावद्यिालय तोकापाल का नामकरण शहीद हरचंद तथा शासकीय महावद्यिालय बकावंड का नामकरण जरकरण भतरा के नाम से करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने विगत वर्षों में समाज के सभी वर्गों के हितों के लिए समुचित कदम उठाएं हैं। इस ओर राजीव गांधी किसान न्याय योजना, राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना, गोधन न्याय योजना, नरवा, गरुआ, घुरवा और बाड़ी सहित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं से आम जनता के साथ ही किसान, मजदूर और महिलाओं को विकास की दिशा में अग्रसर होने का सुअवसर मिला है। राज्य सरकार की पहल पर राजीव युवा मितान क्लब योजना से अब युवा वर्ग मुख्यधारा से जुड़कर राज्य के विकास में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने वन आधारित और कृषि उत्पाद के मूल्य प्रसंस्करण उद्यमों की स्थापना पर बल देते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक ब्लॉक में ग्रामीण औद्योगिक पार्क बना रही है, जिससे स्थानीय स्तर पर उत्पाद को तैयार कर उसके विपणन के लिए व्यवस्था सुलभ होगी। वहीं युवाओं, महिलाओं और स्थानीय उद्यमियों को रोजागार सुलभ होगी। उन्होंने कहा कि लोहंडीगुड़ा में इमली प्रसंस्करण फैक्ट्री की शुरूआत हो रही है। इसके साथ ही कांकेर जिले में कोदो-कुटकी और रागी के प्रसंसकरण के लिए देश का सबसे बड़ा मिलेट प्लांट स्थापित किया जा रहा है। वहीं कोंडागांव में मक्का प्रसंस्करण पर आधारित एथेनॉल प्लांट स्थापित किया जा रहा है। राज्य में स्थानीय उत्पादों के विपणन व्यवस्था के लिए सभी जिले में सी-मार्ट स्थापित किए गए हैं और अब जगदलपुर में संभागीय सी-मार्ट की शुरूआत की गई है, जिससे स्थानीय उत्पाद देश ही नहीं बल्कि दुनिया के लोगों तक पहुंचेगी।

मुख्यमंत्री सीएम बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार पेसा कानून को लागू करने के लिए महत्वपूर्ण पहल की है। पेसा कानून के नियम बन जाने से अब इसका क्रियान्यवयन सरल हो गया है। उन्होंने बस्तर अंचल में देवगुड़ियों और आस्था केंद्रों के विकास को बढ़ावा देने सहित पुरातन संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए कटिबद्धता व्यक्त की। इसके साथ ही सामाजिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में घोटुल के संरक्षण पर बल दिया। इस मौके पर राज्य के उद्योग मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री कवासी लखमा ने राज्य सरकार के द्वारा बस्तर अंचल के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित किया। वहीं सांसद बस्तर एवं बस्तर दशहरा समिति के अध्यक्ष दीपक बैज ने बस्तर दशहरा पर्व में शामिल होने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए मांझी-चालकी और बस्तर दशहरा पर्व के पारंपरिक सदस्यों की मांग के बारे में अवगत करवाया।

छत्तीसगढ़ में हादसा: बारूदी सुरंग में विस्फोट, बीएसएफ जवान घायल

0

कांकेर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कांकेर जिले में शुक्रवार को बारूदी सुरंग में विस्फोट होने से सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) का एक जवान घायल हो गया। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कांकेर के कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र के कोयलीबेड़ा-पानीडोबीर मार्ग पर मरकानार गांव के करीब बारूदी सुरंग में विस्फोट होने से बीएसएफ का जवान घायल हो गया है। अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस को जानकारी मिली है कि शुक्रवार सुबह पानीडोबरी गांव स्थित बीएसएफ के शिविर से जवान अपने बीमार सहयोगी को कोयलीबेड़ा शिविर लेकर जा रहे थे। उन्होंने बताया कि जवान मोटरसाइकिल पर थे और जब वे मरकानार गांव के करीब पहुंचे, तब बारूदी सुरंग में विस्फोट हो गया। इस घटना में एक जवान घायल हो गया।

अधिकारियों के अनुसार, घटना के बाद घायल जवान को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत खतरे से बाहर है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने इलाके से दो बारूदी सुरंग बरामद की हैं और क्षेत्र में तलाशी अभियान जारी है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शुक्रवार को बस्तर संभाग के एक दिवसीय दौरे पर हैं। वह कांकेर जिले के चरामा क्षेत्र में लघु फसल प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन इकाई का उद्घाटन करेंगे।

छत्तीसगढ़ में रावण के पुतले का नहीं जल पाया सिर, लिपिक निलंबित

0

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में बुधवार को दशहरा के जश्न के दौरान रावण के पुतले का सिर नहीं जल पाने के कारण नगर पालिक निगम के लिपिक को निलंबित कर दिया गया है और चार अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दशहरा के जश्न के दौरान रावण का पुतला तैयार करने में बरती गई लापरवाही के कारण धमतरी नगर पालिक निगम ने सहायक ग्रेड तीन राजेंद्र यादव को निलंबित कर दिया है।

धमतरी नगर पालिक निगम के आयुक्त द्वारा जारी निलंबन आदेश में कहा गया है, राजेंद्र यादव, सहायक ग्रेड तीन नगर पालिक निगम, धमतरी द्वारा दशहरा उत्सव के लिए रावण का पुतला तैयार करवाने में घोर लापरवाही बरती गई है, जिससे निगम की छवि धूमिल हुई है। उपरोक्त कारणों के दृष्टिगत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है। निलंबन अवधि में वह नियमानुसार निर्वाह भत्ता के पात्र होंगे। अधिकारियों ने बताया कि इसके साथ ही निगम के सहायक अभियंता विजय मेहरा और उप अभियंता लोमस देवांगन, कमलेश ठाकुर और कामता नागेंद्र को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

उन्होंने बताया कि धमतरी शहर में हर साल धूमधाम से दशहरा का पर्व मनाया जाता है। मुख्य समारोह के लिए नगर पालिक निगम द्वारा रावण का पुतला तैयार किया जाता है। बुधवार को जब समारोह के लिए रावण का पुतला मैदान में लगाया गया, तब उसकी कद-काठी और फटे कपड़े को देखकर लोग मजाक बनाने लगे। यही नहीं, सोशल मीडिया पर पुतले की कई तस्वीरें और वीडियो भी प्रसारित किए गए। अधिकारियों के मुताबिक, जब शाम को रावण के पुतले को जलाया गया, तब उसके धड़ का हिस्सा चार मिनट में ही जल गया, लेकिन दसों सिर बचे रह गए। इससे लोगों के सामने नगर पालिक निगम की छवि धूमिल हुई। धमतरी नगर निगम के महापौर विजय देवांगन ने कहा, ”रावण के पुतले के निर्माण की जिम्मेदारी जिन लोगों को सौंपी गई थी, उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। अब पुतले के निर्माण से संबंधित राशि का भुगतान भी रोका जाएगा।

दिवाली से पहले सीएम भूपेश देंगे बड़ी सौगात, किसानों के खाते में आएंगे 1800 करोड़ रुपये

0

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि दीपावली के पहले किसानों, भूमिहीन कृषि मजदूरों और गोबर विक्रेताओं को लगभग 1800 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का भुगतान किया जाएगा। सीएम बघेल ने यहां अपने निवास कार्यालय में गोधन न्याय योजना के हितग्राहियों के खाते में 8 करोड़ 13 लाख रुपये की राशि का ऑनलाइन अंतरण करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 अक्टूबर को किसानों को राजीव गांधी किसान न्याय योजना की तीसरी किस्त के साथ राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना और गोधन न्याय योजना की राशि का भुगतान हितग्राहियों को किया जाएगा।

दीपावली हम सब के लिए बड़ा त्योहार है। दीपावली के पहले राशि मिलने से हम सब धूमधाम से दीपावली मनाएंगे। सीएम बघेल ने इस राशि में से गोबर वक्रिेता पशुपालकों, ग्रामीणों को 5.34 करोड़ रुपये की राशि, गौठान समितियों को 1.69 करोड़ और महिला स्व सहायता समूहों को 1.11 करोड़ रुपये की लाभांश राशि वितरित की गई। गोबर विक्रेताओं को आज भुगतान की गई राशि को मिलाकर गोबर खरीदी के एवज में अब तक 170.34 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।

उन्होंने कार्यक्रम में किसानों से पैरादान की अपील करते हुए कहा कि धान की कटाई शुरू होने वाली है। किसान पैरा न जलाएं, गौठानों में मवेशियों के चारे के लिए पैरादान करें। पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था होने से वे खेत में नही जाएंगे। इससे खरीफ फसल के साथ-साथ उन्हारी फसल भी बचेगी। उन्होने कृषि विभाग के अधिकारियों से उन्हारी फसलों, सरसों, तिवरा, अलसी आदि के बीज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। सीएम बघेल ने कहा कि प्रदेश में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी 01 नवम्बर से शुरू की जाएगी। अधिकारियों को बारदाने सहित धान खरीदी केन्द्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दे दिए गए हैं, जिससे किसानों को धान बेचने में असुविधा न हो।

छत्तीसगढ़ में 50 से नीए आए कोविड के नए केस, जानें कहां कितने मिले मरीज

0

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस से 36 और लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही राज्य में बृहस्पतिवार तक कोविड-19 की चपेट में आने वालों की कुल संख्या 11,76,533 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि आज 71 लोगों ने घर में पृथकवास की अवधि पूरी की जबकि दो मरीजों की मृत्यु हुई। अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार को राज्य में संक्रमण दर 0.83 प्रतिशत है तथा चार हजार 327 नमूनों की जांच में 36 व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि आज गरियाबंद, जांजगीर-चांपा और सरगुजा से कोरोना वायरस के एक-एक, जशपुर, कोरबा और बालोद से दो-दो, धमतरी से तीन, राजनांदगांव और बेमेतरा से पांच-पांच तथा दुर्ग और रायपुर से छह-छह मामले सामने आये। अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ में अब तक 11,76,533 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है, जिनमें से 11,62,106 मरीज इलाज के बाद संक्रमण मुक्त हो गए हैं। उनके अनुसार राज्य में भी 290 मरीज उपचाराधीन हैं जबकि वायरस से संक्रमित 14,137 लोगों की मौत हुई है।

छतीसगढ़ में पारंपारिक खेल शुरू, सीएम बघेल ने सीटी बजाकर की छत्तीसगढ़िया ओलंपिक खेल की शुरूआत

2

रायपुर। छत्तीसगढ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बृहस्पतिवार को ‘छत्तीसगढिया ओलंपिक’ खेलों की शुरूआत की जो छह जनवरी तक चलेगा और जिसमें 14 प्रकार के पारंपरिक खेल खेले जाएंगे। टूर्नामेंट का आयोजन बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम पर होगा। इसका उद्घाटन महिलाओं के कबड्डी मैच में मुख्यमंत्री ने शुरूआत की सीटी बजाकर किया। राज्य के जनसंपर्क विभाग ने कहा, मुख्यमंत्री ने भी लंगड़ी, भौरा, कंचा और पिट्ठू जैसे पारंपरिक खेलों में हाथ आजमाये। इन खेलों का आयोजन राज्य की संस्कृति और परंपरा की बानगी देने के साथ स्थानीय खेलों को बढावा देने के लिये किया जा रहा है।

छत्तीसगढ़ में ट्रिपल मर्डर: एक ही परिवार के तीन लोगों को कुल्हाड़ी से काट डाला

1084

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिला स्थित एक घर से पुलिस ने पति-पत्नी और बेटी के शव बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। जशपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) डी रविशंकर ने बताया कि पुलिस ने जशपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कदमटोली गांव के एक घर से अर्जुन तेंदुआ (43), फिरनी तेंदुआ (40) और संजना तेंदुआ (19) के शव बरामद किए।

उन्होंने बताया कि पुलिस को अर्जुन के परिजनों ने बृहस्पतिवार को उसके परिवार की हत्या की जानकारी दी थी, जिसके बाद एक पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंचा। रविशंकर ने बताया कि अर्जुन, उसकी पत्नी और बेटी की कुल्हाड़ी जैसे किसी धारदार हथियार से हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी ने कहा कि पुलिस को अभी तक की जांच में अर्जुन के साथ कुछ लोगों का विवाद होने की जानकारी मिली है और कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा अन्य बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए भी जांच की जा रही है।

छत्तीसगढ़ के किसानों को बड़ी राहत, अब नहीं होग रकबा कटौती, खेत को लेकर भी होगा फायदा

2

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के किसानों को राहत देने वाली खबर है। छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों को बड़ी सौगात दी है। अब किसानों से रकबा कटौती नहीं होगी। विधानसभा चुनाव के नजदीक आते ही भूपेश सरकार ने किसानों के लिए तोहफों की झड़ी लगा दी है। दरअसल चुनावी साल में प्रदेश सरकार अन्नदाताओं की नाराजगी भी मोल लेना नहीं सरकार चाहती। इसीलिए खेत के मेड़ को भी इसमे शामिल किया जाएगा। किसान पुस्तिका में दर्ज रकबा के अनुसार होगी धान की खरीदी होगी। राजस्व अमल और कृषि विभाग का मैदानी अमले मौके पर जाकर गिरदावरी कर रहे हैं।

पहले किसानों को नहीं थी धान बेचने की सुविधा

वर्ष 2020 में किसानों को अपने रकबे के हिसाब से धान बेचने की सुविधा नहीं मिली थी। इसका मुख्य कारण गिरदावरी के दौरान राजस्व व कृषि विभाग के मैदानी अमले ने खेत के रकबे से मेढ़ का रकबा घटा दिया था। मेड़ का सीमांकन कर उतना रकबा घाटे के बाद फसल वाले हिस्से का सीमांकन और सत्यापन के बाद एक एक खेत का रकबा निर्धारण किया था। इससे जिले के शत प्रतिशत किसानों के खेत के रकबे में कटौती हो गई थी। इसके चलते अपने हिस्से का धान समर्थन मूल्य पर किसान नहीं बेच पाए थे।

किसान पुस्तिका में सरकार ने किया बदलाव

किसान पुस्तिका में दर्ज रकबे के हिसाब से अन्नदाता समर्थन मूल्य पर धान बेच सकेंगे। जिले में गिरदावरी व सत्यापन का कार्य पूरी होने की स्थिति में है। राजस्व और भू अभिलेख शाखा जिले में गिरदावरी के बाद जितने एकड़ में धान या अन्य फसलों की खेती हुई है उसके हिसाब से रिपोर्ट तैयार करने में जुट गया है। राज्य सरकार की घोषणा के अनुसार इस बार एक नवंबर से समितियों के माध्यम से किसानों का धान खरीदा जाएगा। शासन स्तर पर समर्थन मूल्य पर धान कगरीदी की तैयारी भी शुरू हो गई है।

छत्तीसगढ़िया ओलंपिक खेल आज से शुरू, सीएम भूपेश करेंगे शुभारंभ

0

छत्तीसगढ़ में आज से छत्तीसगढ़िया ओलंपिक खेल शुरू हो जाएंगे। खेलों का शुभारंभ सीएम भूपेश बघेल करेंगे। बतादें कि इन खेलों की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। मुख्य सचिव ने बैठक में विभागीय अधिकारियों से कहा था कि जिन स्थानों पर आयोजन समितियों का गठन नहीं किया गया है वहां 5 अक्टूबर से पहले सभी स्तरों पर आयोजन समितियों का गठन कर लिया जाए। मुख्य सचिव ने कहा कि 6 अक्टूबर से राजीव युवा मितान क्लब स्तर छत्तीसगढ़िया ओलंपिक खेलों का आयोजन किया जा रहा है, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं। खेल प्रतियोगिताएं नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लिए पृथक-पृथक होंगी। इसके लिए नगरीय प्रशासन एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों को खेलों के सफल आयोजन की जिम्मेदारी दी गई है।

खेल-प्रतियोगिताएं 2 श्रेणियों में होंगी

छत्तीसगढ़िया ओलंपिक की मार्गदर्शिका एवं कार्ययोजना के तहत खेल प्रतियोगिताएं दो श्रेणी में होंगी। इसमें खेल विधाओं के अनुसार दलीय एवं एकल श्रेणी निर्धारित की गई है। दलीय श्रेणी में गिल्ली डंडा, पिठूल, सांखली, लंगड़ी दौड़, कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी और बांटी (कंचा) जैसी छत्तीसगढ़िया खेल विधाएं शामिल हैं। एकल श्रेणी में बिल्लस, फुगड़ी, गेड़ी दौड़, भंवरा, 100 मीटर दौड़ एवं लम्बी कूद शामिल हैं।

छत्तीसगढ़िया ओलंपिक खेलों का आयोजन 6 स्तर पर होगा

छत्तीसगढ़िया ओलंपिक खेलों के 6 स्तर निर्धारित किये गये है। इसके अनुसार पहले ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्र स्तर पर राजीव गांधी युवा मितान क्लब में खेलों का आयोजन नाकआउट पद्धति से होगा। दूसरा स्तर जोन है जिसमें आठ राजीव युवा मितान क्लब को मिलाकर एक क्लब होगा। तीसरे स्तर पर विकासखण्ड तथा नगरीय क्लस्टर स्तर, जिला, संभाग और अंत में राज्य स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।

बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक खेलों में हो सकेंगे शामिल

खेलों में बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक भाग लेंगे। इसमें प्रथम वर्ग 18 वर्ष की आयु तक, दूसरा 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग और तीसरा वर्ग 40 वर्ष से अधिक उम्र के लिए है। इन प्रतियोगिता में महिला एवं पुरूष दोनों वर्ग में प्रतिभागी होंगी। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये आयोजित बैठक में पुलिस महानिदेशक श्री अशोक जुनेजा, अपर मुख्य सचिव खेल एवं युवा कल्याण रेणु जी पिल्ले, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, सचिव स्कूल शिक्षा विभाग एस. भारतीदासन, संचालक नगरीय प्रशासन अयाज तम्बोली, विशेष सचिव वित्त शीतल शाश्वत वर्मा, संचालक जनसम्पर्क सौमिल रंजन चौबे, खेल एवं युवा कल्याण संचालक श्वेता सिन्हा सहित वित्त, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय प्रशासन, स्कूल शिक्षा एवं जनसम्पर्क विभाग के अधिकारी शामिल हुए।

भाजपा सांसद पर टिप्पणी को लेकर एनसीडब्ल्यू ने छत्तीसगढ़ के मंत्री से मांगा जवाब

1

रायपुर राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने छत्तीसगढ़ की एक मंत्री से राज्य की एक महिला भाजपा सांसद (सांसद) पर उनकी अनुचित टिप्पणी के लिए स्पष्टीकरण मांगा है और उनसे टिप्पणियों के लिए माफी मांगने को कहा है। छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने पिछले हफ्ते कांग्रेस शासित छत्तीसगढ़ में सड़कों की जर्जर स्थिति का मुद्दा उठाने के बाद छत्तीसगढ़ से भाजपा की राज्यसभा सदस्य सरोज पांडे के लुक का कथित तौर पर जिक्र करते हुए एक टिप्पणी की थी। NCW ने सोमवार रात पोस्ट किए गए एक ट्वीट में कहा, @NCWIndia ने मामले का संज्ञान लिया है। अध्यक्ष रेखा शर्मा ने गृह मंत्री, छत्तीसगढ़ को पत्र लिखकर अनुचित टिप्पणी के लिए लिखित स्पष्टीकरण देने के लिए कहा है।

आयोग ने पत्र में की गई टिप्पणियों के लिए माफी मांगने को भी कहा है। पिछले महीने, छत्तीसगढ़ भाजपा के ट्विटर हैंडल ने पांडे का एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह अकालतारा विधानसभा क्षेत्र में एक सड़क पर गड्ढे दिखाते हुए और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और साहू, जिनके पास लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) का विभाग भी है, की आलोचना करते हुए देखा गया था। सड़कों की बदहाली। बाद में 30 सितंबर को, साहू ने बिलासपुर में सड़कों की स्थिति पर एक सवाल का जवाब देते हुए राज्यसभा सदस्य के दावे का विरोध करते हुए आकर्षक शब्द का इस्तेमाल किया।

अगर निर्माण के लिए कोई सड़क खोदी जाती है, तो स्वाभाविक रूप से गड्ढे होंगे। सड़कों का निर्माण रातोंरात पूरा नहीं किया जा सकता है। जिस तरह से गड्ढों के साथ सड़क पर खड़े होकर तस्वीरें खींची गईं, किसी भी चिकनी सड़कों पर क्लिक की गई तस्वीरें भी पोस्ट की जानी चाहिए थीं, तो लोग इसे और भी ज्यादा पसंद करते। यह पूछे जाने पर कि आकर्षक से उनका क्या मतलब है, मंत्री ने कहा कि वह ‘आकर्षक’ सड़कों का जिक्र कर रहे थे और उन्होंने कहा कि उन्हें (भाजपा नेताओं को) खराब सड़कों पर क्लिक करने की आदत है। उन्हें उन सड़कों की तस्वीरें भी क्लिक करनी चाहिए जो अच्छी स्थिति में हैं।

उनकी टिप्पणियों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए, पांडे ने कांग्रेस पर निशाना साधा और हिंदी में ट्वीट किया, “इस महान राष्ट्र में जो महिलाओं को नारायणी मानता है, कांग्रेस की नारीवादी मानसिकता ने इसे शून्य पर धकेल दिया है। क्या आपके (साहू) (कांग्रेस नेताओं) प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी जी पर समान विचार हैं? मुख्यमंत्री बघेल को टैग करते हुए उन्होंने पूछा कि क्या राजनीति इतने निचले स्तर तक गिर जाएगी? भाजपा नेता ने एनसीडब्ल्यू अध्यक्ष रेखा शर्मा को भी टैग करते हुए मामले का संज्ञान लेने को कहा। NCW चेयरपर्सन ने टिप्पणी के साथ पांडे के ट्वीट को रीट्वीट किया, यह वास्तव में दुखद है जब ये जन प्रतिनिधि महिलाओं को उनके शारीरिक रूप और रूप से परे नहीं देख सकते हैं। एक विपक्षी नेता विकास का मुद्दा उठा रही है और यह सज्जन उनके लुक पर कमेंट कर रहे हैं. गंभीरता से उसके साथ कुछ गड़बड़ है।