Home Blog Page 30

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में कुएं से पिता-पुत्र के शव बरामद

0

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पुलिस ने पिता—पुत्र के शव उनके घर के एक कुएं से बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के सीपत थाना क्षेत्र के अंतर्गत उनी गांव में पुलिस ने एक घर के कुएं से कैलाश दास गोस्वामी (40) और उसके पुत्र अंशु (15) के शव बरामद किए हैं। सीपत थाने के प्रभारी गोपाल सतपथी ने बताया कि उनी गांव निवासी कैलाश ने कुछ दिनों पहले अपने घर के आंगन में 25 फुट गहरा कुआं खुदवाया था। सोमवार को कैलाश, उसकी पत्नी और पुत्र अंशु घर में थे तथा उन्होंने घर में बिजली का कनेक्शन ठीक कराया था।

सतपथी ने बताया कि शाम को दोबारा बिजली बंद होने पर जब कैलाश के पुत्र अंशु ने कुएं से एक बाल्टी पानी निकाला तो पानी से तेज बदबू आ रही थी। जब अंशु ने कुएं में देखा तो उसमें कुछ मरे हुए मेंढक थे। सतपथी ने बताया कि अंशु मरे हुए मेढकों को निकालने के लिए कुएं में उतर गया और बहुत देर बाद भी बाहर नहीं आया। जब कैलाश ने कुएं में देखा तब अंशु डूब रहा था और बचने की कोशिश कर रहा था। अधिकारी ने बताया कि अपने बेटे को डूबता देख कैलाश कुएं में कूद गया और वह भी बाहर नहीं आ सका। इस दौरान जब कैलाश की पत्नी कुएं के करीब पहुंची तब उसने देखा कि पिता-पुत्र के शव पानी की सतह पर तैर रहे हैं। तब उसने शोर मचाया और पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस दल मौके पर पहुंच गया और शवों को बाहर निकालने की कोशिश की गई।

सोमवार रात लगभग 10 बजे रस्सी के सहारे दोनों शवों को कुएं से बाहर निकाला गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस को आशंका है कि कुएं में जहरीली गैस का रिसाव होने या करंट प्रवाहित होने के कारण यह घटना हुई है। उन्होंने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही इस संबंध में अधिक जानकारी मिल सकेगी। सतपथी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।

वन अधिकार कानून को कमजोर करने की साजिश कर रही है छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार: कांग्रेस

0

कांग्रेस ने बुधवार को आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार संस्थागत तरीके से वन अधिकार अधिनियम (एफआरए), 2006 को कमजोर करने की साजिश कर रही है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने एक खबर का हवाला दिया और दावा किया कि छत्तीसगढ़ की सरकार के वन विभाग ने एक पत्र जारी कर खुद को ‘नोडल एजेंसी’ घोषित कर लिया है, जो यह सीधे-सीधे आदिवासी समुदायों के कानूनी अधिकारों तथा लोकतांत्रिक ढांचे पर हमला है। पूर्व पर्यावरण मंत्री रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार संस्थागत तरीके से वन अधिकार अधिनियम, 2006 को कमजोर करने की साजिश कर रही है। वन अधिकार अधिनियम को आदिवासी और जंगलों में रहने वाले समुदायों के खिलाफ हुए ऐतिहासिक अन्यायों को सुधारने के उद्देश्य से लाया गया था।

इस कानून के तहत ग्राम सभाओं को उनके पारंपरिक जंगलों के संरक्षण, प्रबंधन और उपयोग का अधिकार दिया गया है।” उन्होंने कहा कि हाल ही में छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार के वन विभाग ने एक पत्र जारी कर खुद को ‘नोडल एजेंसी’ घोषित कर लिया और वनों के प्रबंधन के लिए अपनी कार्य योजना लागू करने की बात कही। रमेश का कहना है, ”सरकार का यह कदम उन सभी ग्राम सभाओं के अधिकारों को नजरअंदाज करता है, जिनके अधिकार वन अधिकार अधिनियम के तहत पहले ही मान्यता प्राप्त हैं। यह न केवल कानून की मूल भावना के खिलाफ है, बल्कि उन अधिकारों को पलटने की साजिश है जिन्हें समुदायों ने वर्षों के संघर्ष के बाद हासिल किया है।” उन्होंने दावा किया कि यह सीधे-सीधे आदिवासी समुदायों के कानूनी अधिकारों, लोकतांत्रिक ढांचे और वनों की पारिस्थितिकीय नींव पर हमला है।

कांग्रेस नेता ने कहा, ”गौर करने की बात यह है कि वन अधिकार अधिनियम के क्रियान्वयन के लिए केंद्रीय स्तर पर जनजातीय कार्य मंत्रालय को नोडल एजेंसी घोषित किया गया है। लेकिन यहां भाजपा सरकार ने वन विभाग को नोडल एजेंसी बना दिया है।” रमेश ने यह भी कहा, ”पर्यावरणीय दृष्टि से भी यह केंद्रीकरण बेहद खतरनाक है। वनों में रहने वाले समुदाय लंबे समय से जैव विविधता के विश्वसनीय संरक्षक रहे हैं। उन्हें निर्णय प्रक्रिया से बाहर रखना पारिस्थितिकीय संतुलन और जंगलों की सुरक्षा को खतरे में डालने जैसा है।” उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का यह कदम स्थानीय शासन और लोकतंत्र की भावना के भी खिलाफ है।

कांग्रेस नेता के अनुसार, ग्राम सभा, जो वन अधिकार अधिनियम के तहत एक वैधानिक इकाई है, उसे अंतिम निर्णय लेने का अधिकार प्राप्त है, लेकिन सरकार के इस कदम से उसकी भूमिका को सीमित कर केवल एक सलाहकार संस्था में तब्दील करने की कोशिश की जा रही है। रमेश ने दावा किया, ”दरअसल, भाजपा सरकार की असली मंशा आदिवासियों को उनके जंगलों से बेदखल कर इन इलाकों को अपने चहेते उद्योगपतियों के हवाले करने की है। ‘वैज्ञानिक प्रबंधन’ और ‘वर्किंग प्लान’ जैसे दिखावटी शब्दों के पीछे असली खेल जंगलों की अवैध कटाई, बेशकीमती खनिजों की खुली लूट और संसाधनों पर उद्योगपतियों के कब्जे को वैध बनाने का है।

बीजापुर में नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में किया विस्फोट, सीआरपीएफ के दो जवान घायल

0

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में बारूदी सुरंग में विस्फोट होने से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के दो जवान घायल हो गए। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि बीजापुर जिले के आवापल्ली थाना क्षेत्र के अंतर्गत तिमापुर-मुरदण्डा मार्ग पर बारूदी सुरंग में विस्फोट होने से सीआरपीएफ की 229वीं बटालियन के दो जवान घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि सीआरपीएफ के दल को आवापल्ली–बासागुड़ा मार्ग पर गश्त के लिए रवाना किया गया था। दल जब तिमापुर-मुरदण्डा गांव में था तभी नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट कर दिया। इस घटना में दो जवान घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि घायल जवानों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बीजापुर जिला अस्पताल लाया गया है। इस संबंध में अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।

छत्तीसगढ़ के सीएम देव ने की मुर्मू के खिलाफ खरगे के बयान की निंदा

0

रायपुर। छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ओर से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के लिए प्रयुक्त की गयी आपत्तिजनक शब्दों की कड़ी निंदा की। सीएम देव ने मंगलवार को कहा कि खरगे की ओर से दिए गए बयान, कांग्रेस के डीएनए में जमी घोर-आदिवासी विरोधी मानसिकता को उजागर करता है। कांग्रेस बार-बार संविधानिक पदों और संवैधानिक संस्थानों का अपमान करती है, चाहे वह राष्ट्रपति हों, प्रधानमंत्री हों या उपराष्ट्रपति। सीएम देव ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को कांग्रेस के नेताओं के बयानों का जिम्मेदार ठहराया और सवाल किया कि क्या खड़गे जी अपने बयान के लिए लिखित माफी देंगे? देश की जनता इस अपमान को कभी स्वीकार नहीं करेगी और कांग्रेस को इसकी भारी राजनीतिक कीमत चुकानी पड़ेगी।

सीएम देव ने कहा कि खरगे जी ने राष्ट्रपति मुर्मु जी के लिए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया है। यह दर्शाता है कि कांग्रेस पार्टी के डीएनए में आदिवासी विरोधी मानसिकता गहराई से समाई हुई है। इससे पहले भी कांग्रेस ने दलित समुदाय से आने वाले पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद जी का भी अपमान किया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में दलित विरोधी मानसिकता व्याप्त है। संविधान को हाथ में लेके चलने वाले राहुल गांधी के इशारे पर रिमोट कंट्रोल वाले अध्यक्ष खरगे जी इस तरह की आपत्तिजनक टिप्पणी करते हैं।

आज पूरा देश, हर नागरिक, आदिवासी समाज, दलित समाज और महिलाएं इस बयान की निंदा कर रहे हैं। खरगे जी ने राष्ट्रपति के नाम को अशोभनीय तरीके से बोलते हुए दावा किया कि ‘मुरमा जी को हमने राष्ट्रपति बनाया।’ उन्होंने ‘आदरणीय’ या ‘माननीय’ नहीं कहा, न ही ‘द्रौपदी मुर्मु’ जी कहा। इसी तरह पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद जी के नाम को अशोभनीय तरीके से संबोधित किया और कहा, हमने राष्ट्रपति बनाया, क्यों बनाया? हमारे लिए बनाया? हमारी संपत्ति छीनने के लिए बनाया? हमारे जंगल छीनने के लिए बनाया?

मध्य प्रदेश हादसे में छत्तीसगढ़ की तीन महिलाओं की मौत, चार घायल

0

रायपुर। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में सोमवार तड़के भीषण सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ की तीन महिलाओं की मौत हो गयी और अन्य चार गंभीर रूप से घायल हो गये। दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। यह दुर्घटना शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र के जोरा में उस समय हुयी जब अयोध्या दर्शन कर लौट रहे परिवार का वाहन पेड़ से टकरा गया। इस हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी और अन्य चार की हालत गंभीर है। गंभीर लोगों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल ब्यौहारी के डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर कर दिया है।

मृतकों के नाम गायत्री कवर (55), मालती पटेल (50) और इंदिरा बाई है। सभी छत्तीसगढ़ की रहने वाली है और अयोध्या दर्शन कर लौट रहीं थीं। वाहन में कुल 20 लोग सवार थे। ब्यौहारी थाना प्रभारी अरुण पांडेय ने बताया कि ग्राम जोरा गांव के पास वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया। दुर्घटना में तीन महिलाओं की मौत हो गई है। वाहन में कुल 20 लोग सवार थे। चालक के अलावा सभी महिला एवं बच्चे शामिल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

भाजपा सरकार देश में हर किसी को डराने की कोशिश कर रही – खरगे

0

रायपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की अगुवाई वाली सरकार पर देश में हर किसी को डराने की कोशिश करने का सोमवार को आरोप लगाया और लोगों से अपने ‘जल-जंगल-जमीन’ की रक्षा के लिए लड़ाई में एकजुट रहने को कहा। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में ‘जय जवान-जय किसान-जय संविधान’ नामक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार में गरीब लोगों को लूटा जा रहा है।

खरगे ने कहा, ”भाजपा ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) और आईटी (आयकर) जैसी केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर हमारे नेताओं को डराने की कोशिश कर रही है, लेकिन हम इससे कभी नहीं डरते। अब भी छत्तीसगढ़ में पूर्व मुख्यमंत्री (भूपेश बघेल) सहित हमारी पार्टी के नेताओं को (केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल करके) परेशान किया जा रहा है…।” राज्यसभा में विपक्ष के नेता ने दावा किया, “उन्होंने (भाजपा ने) नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी और राहुल जी को फंसाने की भी कोशिश की। वे हमेशा कांग्रेस को बदनाम करने की कोशिश करते हैं। सबको डराना उनकी आदत है। आप तभी जिंदा रहेंगे, जब आप डरेंगे नहीं। अगर हमें अपने जल जंगल जमीन की रक्षा करनी है तो आप सभी को उनके खिलाफ लड़ाई में एकजुट होना होगा।

उन्होंने दावा किया, ”आज अदाणी और अंबानी जैसे लोग यहां आकर जमीन पर कब्जा कर रहे हैं। वे खदानों के लिए जंगल में लाखों पेड़ काट रहे हैं। मोदी जी हमारे आदिवासी भाइयों और छत्तीसगढ़ के सभी लोगों का जीवन बर्बाद कर रहे हैं।” कांग्रेस प्रमुख ने पूछा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बार-बार छत्तीसगढ़ क्यों आ रहे हैं? क्या यहां आपका ससुराल है? उन्होंने कहा, “छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री उनके (प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के) निर्देशों का पालन करते हैं। अगर वे कहते हैं उठो, तो वह उठ जाते हैं। अगर वे कहते हैं बैठो, तो वह बैठ जाते हैं। यह छत्तीसगढ़ के स्वाभिमान के साथ बहुत बड़ा विश्वासघात है। यह बहुत बड़ा अपमान है।” खरगे ने आरोप लगाया कि उद्योगपति कोयला और अन्य खनिजों को लूटने के लिए यहां आ रहे हैं। यहां लोगों का हालचाल जानने कोई नहीं आता है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री शाह पर उद्योगपतियों का समर्थन करने का आरोप लगाया। कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि शाह खनिजों की जांच करने के लिए यहां आते हैं। कांग्रेस की इस सभा में भारी बारिश के बावजूद पार्टी कार्यकर्ता और नेता बड़ी संख्या में मौजूद थे।

छत्तीसगढ़ में मुठभेड़ में एक नक्सली ढेर

0

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में एक नक्सली को मार गिराया है। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में एक नक्सली को मार गिराया। उन्होंने बताया कि बीजापुर जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में माओवादियों के बड़े कैडर की उपस्थिति की सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों के संयुक्त दल को अभियान में रवाना किया गया था।

अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान शुक्रवार से ही सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर लगातार मुठभेड़ जारी है। उन्होंने ने बताया कि सुरक्षाबलों ने घटनास्थल से एक माओवादी का शव और हथियार बरामद किया है। अधिकारियों ने बताया कि अभियान अभी भी जारी है, इसलिए अभियान में शामिल जवानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अधिक जानकारी साझा नहीं की जा सकती। उन्होंने बताया कि अभियान पूरी होने के बाद इस संबंध में अधिक जानकारी दी जाएगी।

छत्तीसगढ़ संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में बम रखे होने की सूचना ”फर्जी” निकली, ट्रेन गंतव्य के लिए रवाना

0

झांसी। हजरत निजामुद्दीन से दुर्ग जा रही छत्तीसगढ़ संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में शुक्रवार रात बम रखे होने की सूचना मिलने के बाद झांसी रेलवे स्टेशन पर गहन जांच की गई और किसी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने के करीब एक घंटे बाद ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, 12824 छत्तीसगढ़ संपर्क क्रांति एक्सप्रेस शुक्रवार शाम करीब छह बजे हजरत निजामुद्दीन से चली थी, जिसके बाद किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर सूचना दी कि इस ट्रेन के स्लीपर डिब्बे में बम रखा है।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही लखनऊ स्थित रेलवे नियंत्रण कक्ष के अधिकारी सतर्क हो गए और सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेन को अगले स्टॉप झांसी के वीरांगना लक्ष्मीबाई स्टेशन पर रोक कर जांच की तैयारी शुरू कर दी गयी। जिलाधिकारी प्रमोद झा ने पुलिस अधीक्षक (रेलवे) विपुल कुमार श्रीवास्तव, रेलवे पुलिस बल (आरपीएफ) कमांडेंट विवेकानंद नारायण और सुरक्षा अधिकारियों के साथ मिलकर स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक दो और तीन को पूरी तरह खाली करा दिया। अधिकारियों ने बताया कि यहां आने वाली अन्य ट्रेनों को दूसरे प्लेटफार्म पर भेज दिया गया और छत्तीसगढ़ संपर्क क्रांति की जांच की तैयारियां शुरू कर दी गईं।

इस दौरान आरपीएफ श्वान दस्ता और बम निरोधक दस्ते को भी बुला लिया गया। ट्रेन अपने निर्धारित समय से करीब नौ मिनट की देरी से रात 11 बजकर 31 मिनट पर वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पहुंची। ट्रेन के सभी डिब्बों की गहनता से जांच की गई लेकिन किसी भी कोच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और ट्रेन को करीब 54 मिनट के बाद 12 बजरक 24 मिनट पर गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। आरपीएफ कमांडेंट विवेकानंद नारायण ने बताया कि छत्तीसगढ़ संपर्क क्रांति में बम की सूचना मिलने पर सुरक्षा की दृष्टि से गहन जांच की गई थी।

बीजापुर-दंतेवाडा सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, एक नक्सली ढेर

0

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर-दंतेवाड़ा के सीमावर्ती क्षेत्र के नेशनल पार्क क्षेत्र के घने जंगल में शनिवार को सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया। पुलिस के अनुसार बीजापुर के नेशनल पार्क क्षेत्र में माओवादियों के बड़े कैडरों की उपस्थिति की सूचना मिली थी जिसके तहत शुक्रवार शाम को जिला पुलिस बल, केन्द्रीय सुरक्षा बल की संयुक्त टीम नक्सली विरोधी अभियान पर निकले थे।

आज सुबह नक्सली विरोधी अभियान के तहत नेशनल पार्क क्षेत्र में पुलिस और नक्सलियों की बीच गोलीबारी हुई, जिसमें एक नक्सली मारा गया और हथियार भी बरामद किये हैं। गौरतलब है कि यह मुठभेड़ नक्सलियों के खिलाफ चल रहे संयुक्त अभियान का हस्सिा है, जिसमें सुरक्षा बल जंगलों में लगातार तलाश अभियान चला रहे हैं। इलाके में फिलहाल भारी सुरक्षा बल तैनात है और मुठभेड़ जारी है। पुलिस ने बयान में कहा कि अभियान अभी भी जारी है। जवानों की सुरक्षा के मद्देनजर अधिक जानकारी साझा नहीं की जा सकती। अभियान पूर्ण होने पर विस्तृत विवरण दिया जाएगा।

छत्तीसगढ़ के कोरबा में नशे में धुत कार चालक ने पांच लोगों को रौंदा, दो की मौत और तीन घायल

0

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में कथित तौर पर नशे में धुत कार चालक ने एक के बाद एक कई वाहनों को टक्कर मार दी जिससे दो लोगों की मौत हो गई तथा तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि घटना बृहस्पतिवार रात लगभग 10 बजे सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की है। उन्होंने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि कथित तौर पर नशे में धुत कार चालक ने आईटीआई चौक से कुछ दूरी पर दो मोटरसाइकिल को टक्कर मारी दी जिसके बाद उसने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कुछ दूरी पर एक साइकिल सवार को अपनी चपेट में ले लिया। अधिकारियों ने बताया कि इसके बावजूद यादव ने कार की रफ्तार धीमी नहीं की, विपरीत दिशा से आ रही एक अन्य मोटरसाइकिल को भी टक्कर मार दी और दोपहिया वाहन को लगभग 150 मीटर तक घसीटता रहा।

टक्कर के बाद मोटरसाइकिल चालक और उस पर सवार बालिका दूर जाकर गिरे। उन्होंने बताया कि हादसे में घायल पांच लोगों को अस्पताल ले जाया गया जहां उपचार के दौरान मोहम्मद इस्माइल (75) और छोटेलाल सैनी (35) की मौत हो गई तथा तीन अन्य का उपचार किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि हादसे के बाद आक्रोशित भीड़ ने कार चालक की जमकर पिटाई कर दी और सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने यादव को भीड़ से बचाया। उन्होंने बताया कि यादव के हाथ में पहले से फ्रैक्चर था और इसके बावजूद वह नशे में वाहन चला रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर यादव को गिरफ्तार कर लिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।