छत्तीसगढ़ में सीआरपीएफ पर हमला मामले में वांछित तीन नक्सली गिरफ्तार

0
259

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में पुलिस ने पिछले महीने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की एक टीम पर हमले में कथित रूप से शामिल तीन नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। बीजापुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के पामेड़ थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने तीन नक्सलियों माड़वी भीमा (30), माड़वी नंदा (27) और मड़कम कोसा (25) को गिरफ्तार किया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को पामेड़ थाना क्षेत्र से सीआरपीएफ के 204 कोबरा बटालियन और जिला पुलिस के संयुक्त दल को पेद्दाधरमारम और एमपुर गांव की ओर गश्त के लिए रवाना किया गया था। उन्होंने बताया कि दल जब एमपुर गांव के जंगल में था तब उन्होंने घेराबंदी कर तीनों नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार नक्सलियों के खिलाफ इस वर्ष 24 अप्रैल को पामेड़ थाना क्षेत्र में सीआरपीएफ के दल पर हमला करने का आरोप है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here